मेरठ (U.P)
मेरठ जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार सुबह एक बार फिर कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। धमकी की सूचना मिलते ही कचहरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिवक्ता अपने-अपने चैंबरों से बाहर निकल आए, जबकि तारीख पर आए वादकारी भी घबराकर वापस लौटने लगे। एहतियातन किसी को भी कोर्ट परिसर के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई।
बताया गया कि कचहरी की मुख्य ईमेल आईडी पर सुबह एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट को 11 बजकर 20 मिनट पर उड़ाने की बात लिखी गई थी। मेल देखते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही CO सिविल लाइन अभिषेक तिवारी और CO एलआईयू प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। उनके साथ बॉम्ब स्क्वाड, डॉग स्क्वाड तथा भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया।
अधिकारियों ने तत्काल सभी कोर्ट कक्ष खाली कराए और परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी। कचहरी से जुड़े सभी आधिकारिक ईमेल आईडी पर अलर्ट जारी कर दिया गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं
