मेरठ(U.P)
मेरठ , पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक पल आने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी 2026 को मेरठ पहुंचकर मेट्रो सेवा और नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर के विस्तारित हिस्से का लोकार्पण करेंगे। मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक लगभग 23 किलोमीटर लंबे पहले चरण में 13 स्टेशन बनाए गए हैं। यह कॉरिडोर नमो भारत ट्रैक से जुड़कर दिल्ली तक की दूरी महज़ 55–60 मिनट में तय करने की सुविधा देगा।
कार्यक्रम के दौरान शताब्दी नगर स्टेशन से प्रधानमंत्री पहली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और स्कूली बच्चों से संवाद भी करेंगे। यह ट्रेन अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी और हर 7 मिनट में उपलब्ध होगी। संचालन समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रहेगा, जबकि रविवार को सेवाएं सुबह 8 बजे से शुरू होंगी। सभी स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए वॉशरूम, पेयजल और दिव्यांगजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना वर्ष 2019 में एनसीआरटीसी द्वारा शुरू की गई थी और 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का हिस्सा है। बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी, साथ ही रियल एस्टेट क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मेरठ अब आधुनिक परिवहन सुविधाओं के साथ एक नए विकास युग में प्रवेश करने जा रहा है।
