भारत-पाक बॉर्डर पर पुलिस चेक पोस्ट में दो जवानों की मौत, ASI और होमगार्ड के शव मिलने से हड़कंप

पंजाब के गुरदासपुर जिले में भारत‑पाकिस्तान बॉर्डर से सटे इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक पुलिस चेक पोस्ट के अंदर दो सुरक्षाकर्मियों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना दोरांगला पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत बॉर्डर से सटी आदियां पुलिस चेक पोस्ट की है। चेक पोस्ट के भीतर दोनों जवानों की लाश मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

जांच में जुटी पुलिस, अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस की पहली चेक पोस्ट पर यह घटना कैसे हुई।

आधिकारिक बयान का इंतजार

अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी साफ नहीं है कि दोनों जवानों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

भारत-पाक सीमा के बेहद संवेदनशील क्षेत्र में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *