जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में ₹12,236 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें श्रीनगर एयरपोर्ट पर नए इंटीग्रेटेड टर्मिनल भवन के निर्माण का अहम प्रस्ताव भी शामिल है।
इस परियोजना पर करीब ₹1,667 करोड़ खर्च किए जाएंगे। नए टर्मिनल के निर्माण से न सिर्फ हवाई यातायात की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और कनेक्टिविटी को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
चार साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि कैबिनेट ने श्रीनगर एयरपोर्ट के लिए नई इंटीग्रेटेड टर्मिनल बिल्डिंग को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा टर्मिनल करीब 20,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है, जबकि प्रस्तावित नया टर्मिनल लगभग 71,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया जाएगा।
वैष्णव के मुताबिक, यह परियोजना अगले चार वर्षों में पूरी की जाएगी, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और एयरपोर्ट की संचालन क्षमता में कई गुना इजाफा होगा।
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
नए टर्मिनल के निर्माण से श्रीनगर आने-जाने वाले घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और पर्यटन उद्योग को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
