चुनाव आयोग ने केरल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतन यू केलकर के कार्यालय के अनुसार, अब केरल में कुल 2,69,53,644 मतदाता पंजीकृत हैं।
अपडेटेड वोटर लिस्ट का आधिकारिक प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा और यही सूची आगामी विधानसभा चुनावों में मान्य रहेगी। इससे पहले 23 दिसंबर को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 2,54,42,352 मतदाता दर्ज थे।
महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक
SIR के पहले चरण के दौरान राज्यभर में करीब 2.78 करोड़ फॉर्म वितरित किए गए थे। अंतिम मतदाता सूची में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक पाई गई है।
- महिला मतदाता: 1,38,27,319
- पुरुष मतदाता: 1,31,26,048
- प्रवासी (ओवरसीज) मतदाता: 2,23,558
140 विधानसभा सीटों पर सुनवाई के बाद हटाए गए नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के मुताबिक, राज्य की सभी 140 विधानसभा सीटों पर सुनवाई के बाद प्रारूप सूची से 53,229 नाम हटाए गए। इनमें ऐसे मतदाता शामिल थे जिनकी मृत्यु हो चुकी थी, जिन्होंने विदेशी नागरिकता ले ली थी, जो दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो गए थे या जिनके नाम डुप्लीकेट पाए गए।
चुनाव आयोग ने भेजे थे 36 लाख से ज्यादा नोटिस
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के प्रकाशन के बाद चुनाव आयोग ने सुनवाई के लिए 36,88,948 नोटिस जारी किए थे। अब सभी मामलों का निपटारा कर दिया गया है।
इनमें:
- 19,32,688 मतदाता ऐसे थे, जिनका विवरण 2002 की मतदाता सूची से लिंक नहीं हो पाया (नो-मैपिंग कैटेगरी)
- 17,56,260 मतदाताओं के रिकॉर्ड में स्थानीय स्तर पर विसंगतियां पाई गईं
नाम जोड़ने और संशोधन के लाखों आवेदन निपटाए गए
27 अक्टूबर से 30 जनवरी 2026 के बीच:
- नाम जोड़ने के लिए 13,51,151 आवेदन (फॉर्म-6) स्वीकृत किए गए
- प्रवासी मतदाता पंजीकरण के लिए 1,59,111 आवेदन (फॉर्म-6A) मंजूर किए गए
- कुल 24,28,639 आवेदनों पर नाम जोड़ने या हटाने से जुड़ी कार्रवाई की गई
- 3,93,333 प्रपत्रों के जरिए मौजूदा प्रविष्टियों में संशोधन किए गए
अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ ही अब केरल में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
