1
1
वंदे भारत एक्सप्रेस को लेकर सरकार ने किराये के मामले में बड़ा दावा किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार (11 फरवरी) को लोकसभा में लिखित जवाब में बताया कि वंदे भारत ट्रेन की एसी चेयर कार का किराया सिर्फ 2.19 रुपये प्रति किलोमीटर है, जो कई विकसित देशों की हाई-स्पीड ट्रेनों के मुकाबले काफी कम है।
मंत्री के अनुसार, चीन, जापान और फ्रांस जैसे देशों में इसी तरह की तेज रफ्तार रेल सेवाओं का किराया लगभग 7 से 20 रुपये प्रति किलोमीटर के बीच है। इस तुलना में भारत की वंदे भारत सेवा यात्रियों के लिए कहीं अधिक किफायती विकल्प के रूप में सामने आती है।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेनें आधुनिक सुविधाओं, बेहतर गति और आरामदायक यात्रा अनुभव के साथ अपेक्षाकृत कम किराये पर सेवा दे रही हैं। इससे भारत की सेमी-हाई-स्पीड रेल सेवा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन रही है।
सरकार का मानना है कि कम किराया और आधुनिक तकनीक का मेल देश के आम यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का अवसर दे रहा है।