1
1
दिल्ली:
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी के खानजावाला इलाके में नकली Sensodyne टूथपेस्ट बनाने वाले एक गोदाम का भंडाफोड़ किया है। यह छापा 2 अप्रैल को मारा गया, जिसमें करीब 200 किलोग्राम नकली टूथपेस्ट बरामद किया गया। इसके साथ ही पैकिंग और प्रिंटिंग मशीनें, खाली ट्यूब और अन्य पैकेजिंग सामग्री भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रोहिणी सेक्टर-2 निवासी हरिओम मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने गोदाम किराए पर लिया था और उसमें खाली Sensodyne ट्यूबों में स्थानीय रूप से तैयार पेस्ट भरकर बाजार में बेचता था।
यह नकली उत्पाद बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के बाजार में सप्लाई किए जा रहे थे, जिससे उपभोक्ताओं की सेहत पर गंभीर खतरा हो सकता था।
इस मामले में क्राइम ब्रांच थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।