1
1
सरधना(U.P)
सरधना क्षेत्र में किसान नलकूपों की बिजली सप्लाई रात में दिए जाने से किसानों को हो रही परेशानी को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। सोमवार को जिला संगठन मंत्री अमित चौधरी छबड़िया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल विद्युत विभाग के एक्सईएन दुर्गेश कुमार जैसवाल से मिला और किसानों की समस्या को प्रमुखता से रखा।
किसान नेताओं ने बताया कि पहले नलकूपों के लिए बिजली की सप्लाई दिन में दी जाती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से इसे रात में कर दिया गया है। रात में बिजली मिलने के कारण किसानों को खेतों में सिंचाई करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई किसानों को रात भर खेतों पर रहना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
प्रतिनिधि मंडल ने इस व्यवस्था का कड़ा विरोध करते हुए तुरंत सुधार की मांग की। इस पर एक्सईएन दुर्गेश कुमार जैसवाल ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के नलकूपों की बिजली सप्लाई अगले दिन से दिन में ही सुचारू रूप से दी जाए।
इस दौरान जॉनी त्यागी पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सरधना, श्रीपाल तहसील महासचिव सरधना, अंबुज त्यागी तहसील सचिव सरधना, जगमाल पाल ग्राम अध्यक्ष महादेव और राजिंद्र पाल तहसील सचिव सरधना सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।