1
1
होली के त्योहार पर घर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे और रोडवेज दोनों ने अतिरिक्त परिवहन सुविधाओं की घोषणा की है। जहां रेलवे ने पर्व विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है, वहीं रोडवेज की ओर से प्रतिदिन 50 अतिरिक्त बसें चलाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
मजदूरी और नौकरी के सिलसिले में जिले के बड़ी संख्या में लोग दूसरे शहरों और राज्यों में रहते हैं। होली, दिवाली, रक्षाबंधन और भैयादूज जैसे त्योहारों पर ये लोग अपने घर लौटते हैं, जिससे बसों और ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ जाती है।
इस बार भी नियमित ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 150 के पार पहुंच चुकी है, जबकि अधिकतर गाड़ियों में “रिग्रेट” दिख रहा है यानी सीट पूरी तरह फुल हैं।
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए भारतीय रेलवे की ओर से मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत 26 पर्व विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। इनमें शाहजहांपुर में ठहराव वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।
सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि विशेष ट्रेनों के संचालन से होली के दौरान यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
रोडवेज के एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि 28 फरवरी से दिल्ली रूट पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा जिन लोकल रूट्स पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी, वहां भी जरूरत के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी न हो।