1
1
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। श्रीनगर में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े एक बड़े आतंकी नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत ने सभी को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार किए गए लोगों में दो पाकिस्तानी आतंकी और तीन स्थानीय सहयोगी शामिल हैं, जो लंबे समय से आतंकियों को लॉजिस्टिक सपोर्ट, ठिकाना और अन्य मदद उपलब्ध करा रहे थे।
इस मामले में सबसे बड़ा नाम अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा का सामने आया है, जो पिछले करीब 16 साल से सक्रिय था और फर्जी पहचान के जरिए नेटवर्क चला रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने करीब 40 विदेशी आतंकियों को ट्रेनिंग और सपोर्ट दिया था।
पुलिस जांच में पता चला है कि यह नेटवर्क जम्मू-कश्मीर के अलावा हरियाणा और राजस्थान तक फैला हुआ था। आरोपियों ने आतंकियों को हथियार, फंडिंग और सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई।
सुरक्षा एजेंसियों ने कई ठिकानों पर छापेमारी कर हथियार, गोला-बारूद और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं। फिलहाल, पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की गहराई तक जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।