Popular Posts

UPSC 2025 में मेरठ का जलवा: क्लर्क की बेटी, किसान का बेटा और कई होनहारों ने रचा इतिहास

मेरठ(U.P):
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में मेरठ ने बड़ा कमाल किया है। शहर और आसपास के कम से कम पांच होनहार छात्रों ने ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

सबसे बड़ा नाम है मेरठ की प्राची पंवार का, जिन्होंने UPSC 2025 में ऑल इंडिया 59वीं रैंक हासिल की है। प्राची के पिता राकेश पंवार एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ में क्लर्क हैं, जबकि मां कविता पंवार गृहिणी हैं। मूल रूप से हस्तिनापुर क्षेत्र के रानी नंगला गांव की रहने वाली प्राची ने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई एमपीजीएस शास्त्रीनगर से की और 12वीं में CBSE मेरिट में टॉप-5 में जगह बनाई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने कई बार नाकामी के बाद भी हार नहीं मानी और चौथे प्रयास में ये सफलता हासिल कर भारतीय विदेश सेवा (IFS) के लिए चयन पाया।

दूसरा बड़ा नाम है किसान परिवार से आने वाले हर्ष नेहरा का, जिन्होंने ऑल इंडिया 74वीं रैंक के साथ UPSC CSE 2025 में सफलता पाई और IAS के लिए चयनित हुए हैं। हर्ष मेरठ के सरधना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर के रहने वाले हैं। उनके पिता अजय नेहरा किसान हैं और मां शिक्षिका हैं। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने कंकरखेड़ा के तक्षशिला पब्लिक स्कूल से की, जहां हाईस्कूल में टॉप किया, जबकि इंटरमीडिएट दयावती मोदी अकादमी, मोदीपुरम से किया और वहां भी बेहतरीन प्रदर्शन रहा।

इसी रिज़ल्ट में शिक्षक के बेटे तुषार गिरी ने भी मेरठ का नाम रोशन किया है। उन्हें UPSC 2025 में ऑल इंडिया 395वीं रैंक मिली है। वहीं, लेखिका वंशिका भगत ने 809वीं रैंक और पुल्किता अंजना गोपाल ने 828वीं रैंक हासिल कर मेरठ के मेधावी युवाओं की लिस्ट को और लंबा कर दिया।

इन नतीजों के बाद मेरठ में खुशी का माहौल है। साधारण परिवारों से आने वाली ये कहानियां दिखाती हैं कि मजबूत इरादा, लगातार मेहनत और परिवार का सपोर्ट हो तो सीमित संसाधन भी UPSC जैसी मुश्किल परीक्षा में रुकावट नहीं बनते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *