Popular Posts

नोएडा स्कूल बस हॉरर: 6 साल का बच्चा 25 किमी दूर यार्ड में लॉक, सिस्टम पर उठे सवाल

Noida(U.P)
Noida के नामी Amity International School से भारी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां UKG में पढ़ने वाला 6 साल का बच्चा तकरीबन 6–7 घंटे तक स्कूल बस के अंदर बंद रह गया।

संवाद मीडिया की ग्राउंड रिपोर्ट और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बच्चा सुबह रोज की तरह सोसाइटी से बस में बैठा, लेकिन रास्ते में बस बदलने के दौरान वह सीट पर सोया रह गया और स्टाफ उसे देख ही नहीं पाया। बस को बाद में स्कूल से करीब 25 किलोमीटर दूर एक यार्ड में खड़ा कर दिया गया, और मासूम अकेला, बंद बस के भीतर रह गया।

परिवार से हुई बातचीत में पता चला कि दोपहर के समय जब बच्चा घर नहीं पहुंचा, तो माता-पिता घबरा गए। स्कूल से संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि क्लास रजिस्टर में बच्चे को अनुपस्थित दिखाया गया, जबकि बस अटेंडेंस में उसकी मौजूदगी दर्ज थी, यानी ग्राउंड पर समन्वय की भारी कमी साफ दिखी।

मिली जानकारी और अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिजन खुद रूट ट्रेस करते हुए बस यार्ड तक पहुंचे और वहीं बस के अंदर बच्चे को रोते हुए, पसीने से लथपथ हालत में पाया, जिसने किसी तरह अपना टिफिन और पानी खत्म कर समय काटा। पिता ने बातचीत में कहा कि इन 6–7 घंटों में परिवार ने जो खौफ और बेबसी झेली, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

स्कूल प्रबंधन ने बयान जारी कर तकनीकी खराबी के चलते बस बदलने की बात मानी है और दावा किया है कि उन्हें घटना की जानकारी मिलते ही बच्चे को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया गया, साथ ही ट्रांसपोर्ट स्टाफ पर सख्त कार्रवाई और प्रोटोकॉल की समीक्षा करने की बात कही गई है।

संवाद मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल परिजनों ने औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन यह घटना स्कूल बस सुरक्षा, बच्चों की हाजिरी सिस्टम और जिम्मेदार निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *