1
1
उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर परिसर में चल रहे कॉरिडोर और टनल निर्माण कार्य के दौरान एक चौंकाने वाली खोज सामने आई है। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे खुदाई के दौरान जमीन के भीतर से एक प्राचीन शिवलिंग निकला, जिसके बाद मौके पर काम तुरंत रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि यह खोज मंदिर के गेट नंबर-4 के पास अंडरपास निर्माण के दौरान हुई। जैसे ही मशीन जमीन से टकराई, शिवलिंग और उससे जुड़े पत्थर के अवशेष दिखाई दिए, जिससे वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई।
सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन, अधिकारी और पुजारी मौके पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। प्रारंभिक आकलन के अनुसार यह शिवलिंग करीब 1000 साल पुराना और परमार काल का हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि जमीन के नीचे किसी प्राचीन मंदिर के अवशेष भी हो सकते हैं, जिसकी अब जांच की जाएगी। फिलहाल पुरातत्व विभाग को इसकी विस्तृत जांच सौंपी गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे हैं और इसे आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक खोज के रूप में भी देखा जा रहा है।