1
1
सरधना। हापुड़ जिले में पत्रकार नसीम अहमद की हत्या के विरोध में सरधना पत्रकार एसोसिएशन ने रोष जताते हुए मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम उदित नारायण सेंगर को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने हत्यारोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के साथ ही मृतक पत्रकार के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पत्रकार नसीम अहमद 18 October 2026 को जरौठी रोड स्थित एक फ्लोर मिल में विज्ञापन के सिलसिले में गए थे। आरोप है कि वहां मिल संचालक ने अपने लोगों के साथ मिलकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। घटना को लेकर पत्रकारों में भारी आक्रोश है। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों के साथ होने वाली घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
एसोसिएशन अध्यक्ष वकार खान ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और लोकतंत्र में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय सुरक्षा मिलनी चाहिए। नसीम अहमद की हत्या की घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले में निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाया जाए, जिससे भविष्य में किसी पत्रकार के साथ ऐसी घटना न हो।

ज्ञापन के माध्यम से हत्यारोपियों की संपत्ति कुर्क करने और उनके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग भी की गई। इसके अलावा मृतक पत्रकार के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पत्रकारों के साथ किसी भी तरह की घटना होने पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन एसोसिएशन अध्यक्ष वकार खान के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, शाह आलम त्यागी, अजय चौधरी, दानिश अंसारी, लुकमान चौहान, इरशाद चौधरी, अनुज कुमार, ललित गुप्ता, आस मोहम्मद, यासीन यूसुफ, आसिफ अंसारी और अली चौहान मौजूद रहे।