1
1
इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष का असर अब सीधे इजरायल की अर्थव्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। रिपोर्टों के अनुसार, इस युद्ध के कारण देश को हर सप्ताह लगभग 3 अरब डॉलर (करीब 27 हजार करोड़ रुपये) का आर्थिक नुकसान हो रहा है।
इजरायल के वित्त मंत्रालय का कहना है कि सुरक्षा कारणों से देश में कई सख्त प्रतिबंध लागू किए गए हैं। इन प्रतिबंधों के तहत स्कूल बंद, सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक और कई कामकाजी गतिविधियों पर सीमाएं लगाई गई हैं। इससे व्यापार, उद्योग और सेवाओं से जुड़ी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अधिकारियों का अनुमान है कि अगर यही स्थिति जारी रहती है तो साप्ताहिक नुकसान 9.4 अरब शेकेल (करीब 3 अरब डॉलर) तक पहुंच सकता है। इसलिए सरकार अब आर्थिक गतिविधियों को थोड़ा सामान्य करने के लिए कुछ प्रतिबंधों में ढील देने पर भी विचार कर रही है।
युद्ध के चलते बड़ी संख्या में रिजर्व सैनिकों को बुलाया गया है, जिससे कई कंपनियों और उद्योगों में कर्मचारियों की कमी हो गई है। इसके अलावा सुरक्षा खतरे के कारण पर्यटन, परिवहन और व्यापार जैसे कई सेक्टर भी प्रभावित हुए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि संघर्ष लंबे समय तक चलता है तो इजरायल की अर्थव्यवस्था पर इसका प्रभाव और भी गंभीर हो सकता है। हालांकि सरकार का मानना है कि युद्ध खत्म होने के बाद अर्थव्यवस्था फिर से तेजी से संभल सकती है।