1
1
गाजियाबाद में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी का असर अब खाने-पीने के कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है। गैस की सप्लाई बाधित होने के कारण कई रेस्टोरेंट और ढाबों ने अपने मेन्यू में बदलाव कर दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई जगहों पर छोले-भटूरे जैसे लोकप्रिय व्यंजन मेन्यू से गायब हो गए हैं, जबकि उनकी जगह कम गैस में बनने वाले पकवान जैसे दाल-नान या अन्य डिश शामिल किए जा रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता कम होने से रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में कई होटल और फूड स्टॉल मालिकों को मजबूरी में अपने खाने के विकल्प बदलने पड़ रहे हैं ताकि सीमित गैस में काम चलाया जा सके।
दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और सप्लाई में बाधा के कारण एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसका असर दिल्ली-एनसीआर के कई शहरों जैसे दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के होटल, ढाबों और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं पर पड़ा है।
फूड कारोबारियों का कहना है कि अगर जल्द गैस सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो कई छोटे होटल और फूड स्टॉल को अपना कारोबार सीमित करना पड़ सकता है। वहीं ग्राहक भी अपने पसंदीदा व्यंजन न मिलने से निराश नजर आ रहे हैं।