1
1
बागपत(U.P):
बागपत जिले के बसी गांव में रविवार को मृतक डेयरी कर्मचारी हरेंद्र की याद में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत हरेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकसंतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

सभा में भाजपा के फायरब्रांड नेता संगीत सोम, विधायक योगेश धामा और समाजसेवी अहमद हामिद सहित कई प्रमुख लोग पहुंचे। नेताओं ने मृतक कर्मचारी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले में दोषी अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा नेता संगीत सोम ने पुलिस प्रशासन से फरार चल रहे डेयरी प्लांट के जीएम अनिर्बन घोष और एचआर मैनेजर विक्रांत त्यागी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इस मामले को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे हर स्तर पर आवाज उठाएंगे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान ग्रामीणों और कर्मचारियों में भी काफी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि हरेंद्र पिछले कई वर्षों से डेयरी प्लांट में कार्यरत था और उस पर आए दिन नौकरी से निकालने और झूठे आरोप लगाने का दबाव बनाया जाता था। परिजनों का आरोप है कि इसी उत्पीड़न से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
सूत्रों के अनुसार इंडियन पोटाश लिमिटेड के एचआर मैनेजर विक्रांत त्यागी पर कर्मचारियों पर दबाव बनाने के आरोप पहले भी लग चुके हैं। बताया जा रहा है कि इसी तरह के एक मामले में कंपनी के हेड ऑफिस स्तर पर भी जांच चल रही है।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।