Popular Posts

सिकंदराबाद: भाकियू किसानसभा ने इंडियन पोटाश लिमिटेड प्रबंधन को सौंपा मांग पत्र, आंदोलन की चेतावनी

सिकंदराबाद स्थित इंडियन पोटाश लिमिटेड (डेरी डिवीज़न) में मंगलवार को भाकियू किसानसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज त्यागी के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जीएम अनिर्बन घोष राय और एचआर मैनेजर अरविंद चौधरी से विभिन्न मुद्दों पर वार्ता की। वार्ता के बाद संगठन की ओर से महाप्रबंधक को एक मांग पत्र सौंपा गया।

मांग पत्र में संगठन ने डेरी में ड्यूटी के दौरान मृत कर्मचारी हरेंद्र के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की प्रमुख मांग उठाई। इसके अलावा, फैक्ट्री के एचआर अधिकारी विक्रांत त्यागी का शीघ्र तबादला करने की मांग भी की गई, जिस पर कर्मचारियों के उत्पीड़न के आरोप पहले से लगते रहे हैं।

भाकियू किसानसभा ने डेरी प्लांट में कार्यरत कुशल और अकुशल श्रमिकों के वेतनमान में जल्द बढ़ोतरी की भी मांग रखी। संगठन का कहना है कि श्रमिकों को वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार उचित वेतन मिलना चाहिए।

संगठन ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर उन्हें लागू नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की जिम्मेदारी पूरी तरह फैक्ट्री प्रबंधन की होगी।