1
1
काठमांडू: नेपाल की राजधानी काठमांडू में सरकार ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य रूप से बागमती नदी के किनारे बसे अवैध कब्जों और झुग्गियों को हटाने के लिए की गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रशासन ने थापाथली और गैरेगांव क्षेत्रों में बने अवैध ढांचों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाए। यह कार्रवाई संघीय सरकार, काठमांडू महानगरपालिका और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
करीब 200 से अधिक परिवारों को अस्थायी पुनर्वास स्थलों में स्थानांतरित किया गया है।
सरकार का कहना है कि यह अभियान काठमांडू शहर के सौंदर्यीकरण और बागमती नदी के किनारों को पुनर्स्थापित करने के लिए चलाया जा रहा है। कई वर्षों से यहां अवैध कब्जे और झुग्गियां बनी हुई थीं।
प्रशासन ने पहले ही लोगों को नोटिस जारी कर अपने सामान हटाने और क्षेत्र खाली करने के निर्देश दिए थे। कई परिवारों ने पहले ही क्षेत्र छोड़ दिया था, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण रही।
सरकार ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी अवैध संरचनाओं पर इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।