Popular Posts

बुकलाना में महिला पर जानलेवा हमला, दबंगों ने दी धमकी

बुलंदशहर के थाना नरसेना स्थित गांव बुकलाना में खेत पर काम कर रही एक महिला के साथ दबंगों द्वारा मारपीट और जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता सोमवती पत्नी चंद्रपाल ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ दबंगों ने उस पर हमला कर गला दबाने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे, जिससे उसकी जान बच सकी।

जानकारी के अनुसार, राजेश और कपिल पुत्रगण तेजपाल निवासी बुकलाना के खेत में सोमवती शुक्रवार को निराई कर रही थी। इसी दौरान कुछ दबंग वहां पहुंचे और खेत में मजदूरी क्यों कर रही है कहकर धमकी देने लगे । पीड़िता ने दबंगों की बात अनसुनी कर दी जिस कारण आरोपी आगबबूला हो गए और दबंगों ने महिला के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी और उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। महिला के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के किसान दौड़कर मौके पर पहुंचे, जिससे आरोपी वहां से भाग निकले।

पीड़िता ने बताया कि जाते-जाते आरोपियों ने उसे दोबारा खेत में काम करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। घटना के बाद डरी-सहमी महिला ने शनिवार को ओमप्रकाश पुत्र झरिया,केशव पुत्र ओमप्रकाश निवासी बुकलाना और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चौकी पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।