1
1
गौतमबुद्धनगर 18 अक्टूबर, 2026
उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ एवं जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के निर्देशों के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर द्वारा आपदा जोखिम न्यूनीकरण में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भूमिका विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम विगत दिवस सम्पन्न हुआ। कलेक्ट्रेट स्थित आपदा प्रशिक्षण हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आपदा से बचाव, जोखिम न्यूनीकरण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई के संबंध में प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तृतीय दिवस लगभग 50 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाना था, ताकि वे अपने परिवार और समुदाय को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों, अग्निकांड से सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा तथा बुनियादी जीवन रक्षक कौशल की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, आपदा प्रबंधन से संबंधित वीडियो एवं सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्री के माध्यम से भी महिलाओं को जागरूक किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के समय बरती जाने वाली सावधानियों, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया तथा सामुदायिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया। मास्टर ट्रेनरों के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई, जिससे वे आपदा की स्थिति में स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अन्य लोगों की सहायता करने में भी सक्षम हो सकें।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की क्षमता वृद्धि तथा सामुदायिक स्तर पर आपदा से निपटने की तैयारियों को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। इसके माध्यम से महिलाओं को आपदा जोखिम न्यूनीकरण में उनकी भूमिका से अवगत कराने तथा स्थानीय स्तर पर जागरूकता एवं जनसहभागिता बढ़ाने की दिशा में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर अजय पंवार, विजयपाल सिंह एवं श्रीयांश चतुर्वेदी, लेखाकार अभिषेक चौहान सहित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी द्वारा किया गया।