1
1
भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर द्वारा जिला अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यशैली और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भाजपा प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेई, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा तथा प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए लक्ष्मीकांत बाजपेई ने कहा कि जनता के सुख-दुख में सदैव खड़ा रहने वाला कार्यकर्ता ही सच्चा कार्यकर्ता होता है। उन्होंने भाजपा के पंच संकल्पों और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही भाजपा का मूल उद्देश्य है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” विजन को साकार करने के लिए कार्यकर्ताओं से संकल्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
दूसरे सत्र में नोएडा विधायक पंकज सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, मुद्रा योजना, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी अभियान और मुफ्त राशन योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि DBT प्रणाली के माध्यम से लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है, जिससे डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। पंकज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 से राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
तीसरे सत्र में पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया ने कहा कि भाजपा की राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने का संकल्प है।
चौथे सत्र में प्रदेश महामंत्री एवं सदस्य विधान परिषद सुभाष यदुवंश ने सोशल मीडिया के महत्व पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष के फेक नैरेटिव का तथ्यों के आधार पर जवाब देना आवश्यक है। उन्होंने नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
पांचवें सत्र में प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि ने मीडिया प्रबंधन, दीवार लेखन, भाषण कला और कार्यालय प्रबंधन पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। वहीं छठे सत्र में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कांता कर्दम ने बूथ प्रबंधन और “मन की बात” कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए “अपना बूथ सबसे मजबूत” का मंत्र दिया।
सातवें सत्र में राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर चर्चा की। वहीं आठवें सत्र में क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर ने संगठनात्मक कार्यपद्धति, अनुशासन और समय प्रबंधन को सफल संगठन की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम में राजा वर्मा, नवाब सिंह नागर, बिमला बॉथम, ब्रजेंद्र नागर, सुषमा सिंह, कैप्टन विकास गुप्ता, मनोज गुप्ता, विनोद त्यागी, योगेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।