1
1
दुनियाभर में AI की वजह से नौकरियां जाने की बहस के बीच Nvidia के CEO Jensen Huang ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो CEOs कर्मचारियों की छंटनी के लिए AI को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वे सिर्फ “आलसी बहाना” बना रहे हैं।
एक इंटरव्यू में Jensen Huang ने कहा कि Generative AI अभी हाल ही में बड़े स्तर पर उपयोगी बनी है, ऐसे में कई कंपनियां दो-दो साल पहले शुरू हुई छंटनी का ठीकरा AI पर नहीं फोड़ सकतीं। उनके मुताबिक यह तर्क “तर्कहीन” है और कंपनियां अपनी आर्थिक या प्रबंधन संबंधी गलतियों को छिपाने के लिए AI का नाम इस्तेमाल कर रही हैं।
उन्होंने साफ कहा कि AI नौकरियां खत्म करने नहीं, बल्कि काम करने के तरीके बदलने आया है। Huang के अनुसार आने वाले वर्षों में AI नए रोजगार और नए अवसर भी पैदा करेगा।
Nvidia CEO ने कर्मचारियों को सलाह दी कि AI से डरने की बजाय उसे सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में नौकरी उस इंसान के पास जाएगी, जो AI टूल्स का बेहतर इस्तेमाल करना जानता होगा।
Huang ने कंप्यूटर क्रांति का उदाहरण देते हुए कहा कि जब PCs आए थे तब भी लोगों को नौकरी जाने का डर था, लेकिन हुआ उल्टा — जिन्होंने तकनीक अपनाई वे आगे निकल गए। उनका मानना है कि AI भी वैसा ही बदलाव लाएगा।
दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ Jensen Huang ही नहीं, बल्कि Google DeepMind के CEO Demis Hassabis और Take-Two Interactive के CEO Strauss Zelnick भी AI के नाम पर हो रही छंटनी पर सवाल उठा चुके हैं।
हालांकि दूसरी तरफ कुछ रिसर्च और इंडस्ट्री रिपोर्ट्स यह भी बता रही हैं कि AI की वजह से कई क्षेत्रों में काम करने के तरीके तेजी से बदल रहे हैं और कंपनियां ऑटोमेशन की ओर बढ़ रही हैं।