Popular Posts

सेक्टरों की समस्या हल करने निवासियों के पास पहुंच रही प्राधिकरण की टीम

ग्रेटर नोएडा के रिहायशी सेक्टरों की समस्या हल करने के लिए प्राधिकरण की टीम इन सेक्टरों में जाएगी और निवासियों से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता पर हल कराएगी। मंगलवार से इसकी शुरुआत हो गई है। पहले दिन प्राधिकरण की टीम सेक्टर अल्फा वन में पहुंची। निवासियों से प्राप्त समस्याओं को शीघ्र हल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। निवासियों ने भी इस पहल के लिए प्राधिकरण का आभार जताया है।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा के आवासीय सेक्टरों की समस्याओं को हल करने के लिए सीईओ एनजी रवि कुमार ने निर्देश दिया है कि प्राधिकरण की टीम हर सेक्टर का विजिट करेगी और निवासियों से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता पर निस्तारित करेगी। सीईओ के निर्देश पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने ग्रेटर नोएडा ईस्ट व वेस्ट के लिए प्रोजेक्ट, स्वास्थ्य, उद्यान, विद्युत अभियांत्रिकी और जल-सीवर विभाग की टीम बना दिया है। इन टीमों ने विजिट शुरू भी कर दी है। मंगलवार को प्राधिकरण के परियोजना विभाग के डीजीएम विजय कुमार रावल की अगुवाई में टीम ने सेक्टर अल्फा वन का निरीक्षण किया। मंगलवार की विजिट में वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, वरिष्ठ प्रबंधक राजीव कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा, सहायक निदेशक उद्यान ज्ञानेंद्र यादव, प्रबंधक संध्या सिंह, प्रबंधक विवेक किशोर, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा, प्रबंधक विपिन बिहारी राय, सहायक प्रबंधक गौरव बघेल, सहायक प्रबंधक कुलदीप शर्मा, सहायक प्रबंधक अर्जुन कुमार आदि शामिल रहे। सेक्टर अल्फा वन आरडब्ल्यूए की तरफ से अध्यक्ष शेर सिंह भाटी व उनकी टीम मौजूद रहे। टीम की तरफ से बताया गया कि सेक्टर के अंदर सड़कों के किनारे घरों की निर्माण सामग्री का ढेर लगा रहता है। पीजी के आसपास कूड़े बिखरा रहता है। उप महाप्रबंधक ने पीजी संचालकों को तत्काल नोटिस भेजने के निर्देश दिए। मलबे को उठवाने और उसका खर्च घर के मालिक से वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही अपील की कि कूड़े को इधर-उधर न फेंकें। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ही कूड़ा डालें। अगर कोई व्यक्ति नहीं मान रहा तो इसकी सूचना प्राधिकरण को दें। उस व्यक्ति पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। जर्जर स्ट्रीट लाइट के पोल बदलने, पार्कों का रखरखाव, रोड मार्किंग व ब्रेकर बनवाने, मार्केट में शौचालय का निर्माण आदि मांग रखी, जिसे प्राथमिकता पर कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *