Popular Posts

नोएडा पुलिस ने व्हाट्सएप के जरिए गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; 12.2 किलो गांजा बरामद

नोएडा: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना सेक्टर-58 पुलिस ने व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन गांजा तस्करी एवं बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 42 प्रिंटेड पैकेट बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 4 नवंबर 2026 को स्थानीय इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की सहायता से की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नोएडा के सेक्टर-57 स्थित मेडिसन कट से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित राघव (36 वर्ष), निवासी मूल रूप से ग्राम भोजपुर, थाना बहजोई, जिला संभल तथा वर्तमान निवासी सरस्वती विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद और मनीष कुमार झा (33 वर्ष), निवासी मूल रूप से ग्राम कल्याणपुर, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार तथा वर्तमान निवासी सैनिक विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है।

ऑनलाइन डिलीवरी के पैकेट में छिपाकर करते थे गांजे की सप्लाई

पुलिस के मुताबिक, सुमित राघव के पास से बरामद बैग की तलाशी लेने पर उसमें ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी के नाम से छपे छोटे-छोटे पैकेट मिले। इन पैकेटों को खोलने पर उनमें से 1 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान सुमित ने कथित तौर पर बताया कि उसे गांजा उसका साथी मनीष कुमार झा उपलब्ध कराता था। इसके बाद वह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में फ्लैटों, पीजी, हॉस्टल और कॉलेजों में रहने वाले युवाओं को मांग के अनुसार गांजे की सप्लाई करता था।

आरोपियों द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से ऑर्डर और लोकेशन प्राप्त की जाती थी, जबकि गांजे की बिक्री से प्राप्त रकम ऑनलाइन माध्यम से मनीष झा तक पहुंचाई जाती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा गांजे को 25 से 30 ग्राम के छोटे-छोटे पैकेटों में भरकर ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के नाम से छपे पैकेट में रखा जाता था, ताकि डिलीवरी के दौरान किसी को शक न हो।

टेक्निकल इंजीनियर निकला गांजा सप्लायर

पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने गांजे के कथित सप्लायर मनीष कुमार झा को नोएडा के सेक्टर-56 स्थित ईएसआई कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 किलो 300 ग्राम अतिरिक्त अवैध गांजा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष कुमार झा टेक्निकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। वहीं, आरोपियों का एक अन्य साथी अमित पहले से ही गांजा तस्करी के मामले में असम के गुवाहाटी स्थित जेल में बंद है।

पुलिस द्वारा बरामदगी का विवरण:

  1. कुल 12 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा।
  2. एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, नंबर UP16EK-8771।
  3. एक रियलमी मोबाइल फोन (सुमित राघव के कब्जे से)।
  4. एक रेडमी मोबाइल फोन (मनीष कुमार झा के कब्जे से)।
  5. गांजे की पैकिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 42 प्रिंटेड पैकेट।

मुकदमा दर्ज:

पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 385/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में थाना सेक्टर-58, गौतमबुद्धनगर में मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *