बुलंदशहर(U.P)
प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी धीरे धीरे तेज होने लगी है इसी कड़ी में बुलंदशहर के सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। युवाओं के बीच लोकप्रिय शिक्षक और यूट्यूबर नवीन शर्मा ने समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
नवीन शर्मा ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा का दामन थामा। यह उनका किसी भी राजनीतिक दल के साथ पहला औपचारिक जुड़ाव है। इस मौके पर उन्होंने अपने राजनीतिक प्रवेश को स्वाभिमान की लड़ाई बताते हुए जनहित की लड़ाई को मजबूती देने का संकल्प दोहराया।
नवीन शर्मा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले चर्चित यूट्यूब प्लेटफॉर्म ‘रोजगार विद अंकित’ से जुड़े रहे हैं। यह चैनल प्रतियोगी छात्रों के बीच बेहद लोकप्रिय है और इसके करीब 18 मिलियन सब्सक्राइबर बताए जाते हैं। उनकी शिक्षण शैली और सरल समझाने के अंदाज ने उन्हें युवाओं के बीच खास पहचान दिलाई है ।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार नवीन शर्मा को सिकंदराबाद विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन क्षेत्र में उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
चुनावी वर्ष की शुरुआत के साथ समाजवादी पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने में सक्रिय है। हाल ही में पार्टी ने वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी को भी शामिल किया था। अब एक शिक्षाविद और सोशल मीडिया से जुड़े चेहरे को जोड़कर सपा ने युवाओं में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति अपनाई है।
नवीन शर्मा की सियासी पारी को लेकर सिकंदराबाद क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं और आने वाले दिनों में उनकी भूमिका पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।वही नवीन शर्मा ने भी सिकन्दराबाद विधानसभा क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए आम जन से मुलाक़ात बढ़ा दी है ।
