1
1
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स में रविवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। करीब 4 करोड़ रुपये की एक लग्जरी फरारी स्पोर्ट्स कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और उसे पार करते हुए सामने से आ रही एक ग्रे हैचबैक कार में जा घुसी। इस भीषण सड़क हादसे का पूरा CCTV फुटेज अब सामने आ चुका है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह हादसा रोड नंबर 45 पर हुआ, जो टॉलीवुड सुपरस्टार नंदामुरी बालाकृष्णा के आवास के बिल्कुल पास स्थित है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि लाल रंग की फरारी बेहद तेज रफ्तार में मेन रोड पर दौड़ रही थी। अचानक ड्राइवर का नियंत्रण कार से हट गया, जिसके बाद फरारी पहले डिवाइडर से टकराई और फिर उसे तोड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई। इसी दौरान वह सामने से आ रही ग्रे रंग की हैचबैक कार से जा टकराई।
करीब तीन मिनट लंबे CCTV क्लिप में हादसे का पूरा मंजर रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज के मुताबिक, रात 10:32:16 बजे फरारी स्क्रीन के बाईं ओर से नजर आती है और कुछ ही सेकंड में डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच जाती है। इसके बाद जोरदार टक्कर होती है।
टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हैचबैक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और उसका शेल करीब छह फीट दूर जाकर गिरा। इसके अलावा पीछे से आ रही एक अन्य कार और एक टू-व्हीलर भी इस हादसे की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद टू-व्हीलर हवा में उछलता हुआ नजर आया।
हादसे के कुछ सेकंड बाद वीडियो में फरारी से एक युवक बाहर निकलता दिखाई देता है, जिसने सफेद शर्ट पहन रखी है। वह दोनों हाथ ऊपर उठाकर लोगों से माफी मांगता है और फिर तेजी से कार के अंदर बैठे व्यक्ति से बात करने लगता है।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। इस एक्सीडेंट में घायल हुए तीन लोगों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, एक्सीडेंट के समय फरारी चालक शराब के नशे में नहीं था। ड्राइवर की पहचान क्रांति रेड्डी के रूप में हुई है।
ड्राइवर ने दावा किया है कि हादसा ब्रेक फेल होने और स्टीयरिंग लॉक हो जाने की वजह से हुआ। पुलिस ने बताया कि फरारी कार की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है और यह वाहन ई वेंकट राजा रेड्डी के नाम पर रजिस्टर्ड है।
अब रोड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) के अधिकारी कार की तकनीकी जांच करेंगे ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ड्राइवर का दावा सही है या नहीं।