1
1
सरूरपुर (मेरठ)
सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत पर काम करने जा रही महिला के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार सोमवार शाम करीब 5:30 बजे वह अपने खेत पर काम करने के लिए जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में एक युवक मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था। महिला को देखते ही उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसका हाथ पकड़ लिया।
महिला के शोर मचाने पर पास के खेत में काम कर रहे उसके पति और अन्य ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी घबरा गया और मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर पास के गन्ने के खेत में भाग निकला। घटना के बाद गांव में रोष व्याप्त हो गया।
मंगलवार को पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।