1
1
1
2
3
गाजियाबाद। यूपी के गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी के पिता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी असद पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है। इस मामले को लेकर इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 28 मई को सूर्या चौहान को पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कई युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक सूर्या पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
मामले में पुलिस ने फरहान, आसिफ और नवाब को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार फरहान मुख्य आरोपी असद का पिता है। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात में कुल कई लोग शामिल थे और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इस बीच रविवार तड़के पुलिस और मुख्य आरोपी असद के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस का दावा है कि असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर कहीं भागने की फिराक में था। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल और बाइक भी बरामद की है। हालांकि असद के साथ मौजूद दूसरा युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
सूर्या की हत्या के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।