1
1
दिल्ली-एनसीआर में एक कथित ‘लव जिहाद’ मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। आरोप है कि एक युवक ने खुद को हिंदू बताकर अपनी पड़ोस में रहने वाली युवती से आर्य समाज मंदिर में शादी की। बाद में बच्चा होने पर उसने अपनी असली पहचान मुस्लिम होने की बताई।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक आरोपी युवक मोहम्मद बारिस ने खुद को “सोनू दुबे उर्फ पंडित” बताया था। दोनों की दोस्ती हुई और बाद में मंदिर में शादी कर ली गई। युवती को लंबे समय तक आरोपी की असली पहचान का पता नहीं चला।
रिपोर्ट के अनुसार जब युवती ने बच्चे को जन्म दिया, तब आरोपी ने अस्पताल में खुद के मुस्लिम होने की बात कही। इसके बाद युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाने लगा। शिकायत में मारपीट और जान से धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
मामले में दिल्ली के नबी करीम थाने में जीरो FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 69 और 506 के तहत केस दर्ज कर हरियाणा के कोंडली पुलिस स्टेशन को मामला ट्रांसफर कर दिया है, क्योंकि घटना का मुख्य स्थान हरियाणा बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता के बयान तीस हजारी कोर्ट में धारा 164 के तहत दर्ज किए गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी तथा उसके परिवार की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी और उसके परिवार के कुछ सदस्यों के पास दो-दो आधार कार्ड हैं। हालांकि पुलिस ने इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले में जांच एजेंसियां दस्तावेजों की भी जांच कर रही हैं।