Popular Posts

नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: 2 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 12 चोरी के वाहन बरामद

नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, 2 स्कूटी और 2 अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक 4 मई 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-11 टी ब्लॉक क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अनीकेत उर्फ अंकित और रतन सिंह उर्फ रवि के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी के रहने वाले हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले दिल्ली, नोएडा और एनसीआर के भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी करते थे। इसके बाद घरों और बाजारों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों और स्कूटियों को मौका मिलते ही चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए वाहनों को सेक्टर-54 नोएडा के जंगल और झाड़ियों में छिपाकर रखा जाता था। बाद में इन्हें कम कीमत पर जरूरतमंद लोगों को बेच दिया जाता था।

आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि चोरी के दौरान पकड़े जाने के डर से वे अपने पास अवैध चाकू रखते थे। चोरी से मिलने वाले पैसों को दोनों आपस में बराबर बांट लेते थे और निजी खर्चों में इस्तेमाल करते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के अलग-अलग थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

बरामद वाहनों में KTM, Hero Splendor, Honda Shine, TVS Apache और TVS Raider जैसी बाइक शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के इन वाहनों को किन-किन लोगों को बेचा गया था।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *