1
1
1
2
3
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि तेहरान परमाणु हथियार नहीं बनाने पर सहमत हो गया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों देश एक अहम समझौते के बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “मेरे लिए सबसे जरूरी गारंटी यही है कि ईरान के पास कभी परमाणु हथियार न हो। उन्होंने इस पर सहमति दे दी है और यह काफी दिलचस्प है।” ट्रंप ने यह भी कहा कि जल्दबाजी में कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अमेरिका ऐसा समझौता चाहता है जो पूरी तरह प्रभावी और टिकाऊ हो।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका की प्राथमिकता ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख्त नियंत्रण, परमाणु हथियारों के विकास को रोकना और क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि अगर कूटनीतिक प्रयास सफल नहीं होते हैं तो सैन्य विकल्प भी खुला रहेगा।
हालांकि ईरान की ओर से अभी तक किसी अंतिम समझौते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि तेहरान ने ट्रंप के बयानों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया बताया है और कहा है कि वार्ता अभी जारी है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अब भी मतभेद बने हुए हैं।
पिछले कुछ महीनों से अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में राहत और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर लगातार बातचीत चल रही है। ट्रंप इससे पहले भी कई बार कह चुके हैं कि ईरान को किसी भी हालत में परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे।
फिलहाल दुनिया की नजरें इन वार्ताओं पर टिकी हुई हैं। यदि दोनों देशों के बीच समझौता होता है तो यह पश्चिम एशिया की राजनीति और वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ा घटनाक्रम माना जाएगा।