Popular Posts

यूपी बृज स्टार्स बने बिग क्रिकेट लीग सीजन 2 के चैंपियन, गुजरात डायमंड्स को 5 रन से हराया

ग्रेटर नोएडा: बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) सीजन 2 का खिताब यूपी बृज स्टार्स ने अपने नाम कर लिया है। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ग्रेटर नोएडा में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में यूपी बृज स्टार्स ने गुजरात डायमंड्स को 5 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच का फैसला आखिरी ओवरों तक गया और दर्शकों को अंत तक रोमांच से भरपूर मुकाबला देखने को मिला।

टॉस जीतकर गुजरात डायमंड्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए यूपी बृज स्टार्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। टीम की ओर से चिराग गांधी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 76 रन बनाए। उनकी इस पारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात डायमंड्स की टीम ने जीत के लिए आखिरी तक संघर्ष किया। जेसल कारिया ने 40 गेंदों में 48 रन और एडेला गुरुरत्ने ने 25 गेंदों में 35 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि गुजरात की टीम निर्धारित लक्ष्य से 5 रन पीछे रह गई और 161 रन पर सिमट गई।

फाइनल मुकाबले में बीसीएल के विशेष ‘बजर चैलेंज’ ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। हार्दिक ने दो बार लगातार तीन डॉट गेंदों का चैलेंज लिया, जबकि मनोज ने 30 रन का चैलेंज चुना। विशाल गुर्जर और जतिन सैनी ने भी तीन डॉट गेंदों का चैलेंज स्वीकार किया। वहीं जतिन मावी ने दो विकेट और तीन विकेट के चैलेंज लिए, जिनमें से तीन विकेट वाला चैलेंज सफलतापूर्वक पूरा कर उन्होंने फाइनल में खास पहचान बनाई।

खिलाड़ियों को मिला बड़ा मंच

बीसीएल सीजन 2 का फाइनल देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के प्रदर्शन का शानदार उदाहरण रहा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान कई युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

अतिथियों ने की लीग की सराहना

फाइनल मुकाबले के दौरान मौजूद अतिथियों ने लीग की सफलता और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जमकर प्रशंसा की।

पूर्व क्रिकेटर और सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग देश के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक बेहतरीन मंच बन चुकी है, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि खेल राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बिग क्रिकेट लीग जैसी पहलें जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का काम कर रही हैं।

वहीं मंत्री सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि यह लीग केवल एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि खेल उत्कृष्टता का उत्सव है, जो युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

यादगार रहा बीसीएल सीजन 2

रोमांचक फाइनल के साथ बिग क्रिकेट लीग सीजन 2 का सफल समापन हुआ। यूपी बृज स्टार्स ने पहली बार खिताब जीतकर इतिहास रच दिया, जबकि पूरे टूर्नामेंट ने देशभर की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को नई पहचान देने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *