Popular Posts

जनगणना-2027: कोई क्षेत्र छूटे तो तुरंत दें सूचना, डीएम ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

गौतमबुद्धनगर। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में जनगणना का कार्य नहीं हुआ है या किसी परिवार को सूचीकरण के दौरान कोई समस्या आ रही है तो तत्काल संबंधित अधिकारियों अथवा कंट्रोल रूम को सूचित करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक और पर्यवेक्षक जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य कर रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि जनपद का कोई भी गांव, मोहल्ला, कॉलोनी या क्षेत्र जनगणना कार्य से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है, जिसके आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं, संसाधनों का वितरण और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम तैयार किए जाते हैं। इसलिए नागरिक जनगणना कर्मियों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और यदि कोई क्षेत्र छूट गया हो तो इसकी सूचना प्रशासन को दें।

जिलाधिकारी ने बताया कि शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए राष्ट्रीय जनगणना हेल्पलाइन 1855 के अलावा जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी संचालित किया जा रहा है। इसके लिए जिला कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0120-2978231 तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी का नंबर 0120-2353114 जारी किया गया है।

ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र के निवासियों के लिए 9838234628, नोएडा क्षेत्र के लिए 9667749532 तथा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लिए 7982710071 नंबर जारी किए गए हैं।

इसके अलावा दादरी, सदर और जेवर तहसीलों सहित नगर निकाय क्षेत्रों के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं, ताकि नागरिक अपनी शिकायतों और सुझावों को सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकें।

जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से जनगणना-2027 में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय विकास की आधारशिला है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *