1
1
शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य मे ग्रेटर नोएडा स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के प्रांगण मे आयोजित कार्यक्रम मे सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था द्वारा महिला शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय वालीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता है वो हमारे विद्यार्थियों को अपने ज्ञानकौशल से तराशते है जो आगे चलकर उच्च पदों को सुशोभित करते हुए राष्ट्र के निर्माण मे अपनी भूमिका का निर्वाह करते है। स्कूल प्रिंसीपल डा. कंचन कुमारी ने सभ्य समाज के निर्माण मे शिक्षकों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि मां बाप के बाद शिक्षक ही वह व्यक्ति होता है जो बच्चों को शिक्षा के साथ साथ संस्कारित करता है उन्हें चुनौतियों से लड़ने के लिए तैयार करता है तथा सही गलत का बोध कराता है। संस्था की मीडिया प्रभारी दीपा रानी ने बताया कि कार्यक्रम मे जनपद गौतमबुद्धनगर के विभिन्न स्कूलों मे शिक्षा की अलख जगा रही 100 महिला शिक्षिकाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम मे स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।

सम्मान समारोह मे संस्थापक डा.राहुल वर्मा, महासचिव अनिल कुमार भाटी, जिलाध्यक्ष रेनूबाला शर्मा, कार्डिनेटर मनोज झा, उपाध्यक्ष एडवोकेट अनिल भाटी, धीरज कुमारी, गीता भाटी, नूतन भाटी, वन्दना झा, रीनू अमित शर्मा, अमनदीप कौर और शालिनी आदि संगठन के लोग उपस्थित रहे।
