1
1
ग्रेटर नोएडा | 19 अक्टूबर 2026
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने पुलिस बल के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने थाना बिसरख क्षेत्र के गौर सिटी-2 में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल, थाना सूरजपुर क्षेत्र के भराई मैदान में आयोजित रामलीला मेले तथा पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल का भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने कार्यक्रम स्थलों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

डीसीपी ने आयोजन समितियों और उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
पुलिस का उद्देश्य सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।