1
1
1
2
3
नोएडा: थाना सेक्टर-24 नोएडा पुलिस ने 23 अक्टूबर 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी, चोरी व छीने गए 12 मोबाइल फोन और अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-35 स्थित गंदे नाले के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक संदिग्ध स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, तभी आगे जाकर स्कूटी अनियंत्रित होकर नाले की दीवार से टकरा गई और गिर गई।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायल आरोपी की पहचान सोनू पुत्र सीताराम, निवासी ग्राम मोरना, थाना सेक्टर-24, नोएडा, उम्र लगभग 28 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर DL14SG4056), एक बैग में रखे चोरी व छीने गए 12 मोबाइल फोन, .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की स्कूटी पर सवार होकर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने और मौका पाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।