भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज त्यागी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपने की घोषणा के बाद की गई है।
मनोज त्यागी को शनिवार को इकड़ी स्थित उनके कार्यालय से हिरासत में लिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी को मेरठ के मोहद्दीनपुर मेट्रो स्टेशन आ रहे हैं।
भाकियू किसान सभा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी राष्ट्रीय संरक्षक सत्येंद्र त्यागी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज त्यागी की अध्यक्षता में किसानों के हित में ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे।जिसके लिए कई जिलों के कार्यकर्ताओं को निवाड़ी पहुचने के लिए कहा गया था ।
किसानों की प्रमुख मांगों में निम्नलिखित मुद्दे शामिल हैं।
इन मांगों में मेरठ में अवैध कॉलोनियों द्वारा किसानों और मजदूरों को ठगने पर रोक लगाना, मुक्त व्यापार समझौते पर किसान हितों को देखते हुए रोक लगाना, आवारा पशुओं से फसलों और जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए उन्हें पकड़ना, किसानों के ट्यूबवेलों और घरों पर स्मार्ट मीटर न लगाना शामिल है।
इसके अतिरिक्त, मनरेगा में 200 दिन के रोजगार की गारंटी और समय पर भुगतान, डीजल, खाद और बीज पर सब्सिडी बढ़ाना, फसल बीमा में पारदर्शिता लाना और आवारा पशुओं से फसल सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उनकी प्रमुख मांगें हैं।
