1
1
मेरठ(U.P)
मेरठ प्रेस क्लब में आयोजित होली मिलन समारोह हर्ष, उल्लास और आपसी सद्भाव का सुंदर संगम बनकर उभरा। रंगों की फुहार, मधुर संगीत और आत्मीय बातचीत ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों के साथ राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
होली के पारंपरिक और लोकप्रिय गीतों पर पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। अभिनेता गिरीश थापर की शायरी ने महफिल में रंग घोल दिया, जबकि ‘जूनियर सनी देओल’ के नाम से मशहूर राजीव की जोशीली प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। वरिष्ठ पत्रकार नरेन्द्र शर्मा ने माउथ ऑर्गन पर “ये अपना दिल तो आवारा” की मधुर धुन प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कवि वीरेश त्यागी ने होली पर आधारित अपनी रचनाओं का पाठ कर समां बांध दिया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज तथा पूर्व राज्य मंत्री सुनील भराला सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। प्रेस क्लब अध्यक्ष रवि शर्मा और संयोजक दिनेश चन्द्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
रंग, संगीत और साहित्य के समन्वय से सुसज्जित यह आयोजन उपस्थित जनों की स्मृतियों में लंबे समय तक जीवंत रहेगा।