1
1
भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर द्वारा जिला अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में अग्रसेन भवन में आयोजित दो दिवसीय “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान” का सफल समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यशैली, राष्ट्र निर्माण में पार्टी की भूमिका तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं चुनावी दृष्टि से सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम सत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
प्रशिक्षण महाअभियान के दूसरे दिन नवम सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की कश्मीर नीति का विरोध करते हुए मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। उन्होंने “एक देश, एक विधान, एक संविधान” के संकल्प को राष्ट्रहित का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 और 35A को समाप्त कर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई। ब्रज बहादुर ने जनसंघ के चुनाव चिन्ह “दीपक” से भाजपा के चुनाव चिन्ह “कमल” तक की यात्रा, अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकारों और वर्ष 2014 से लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा सरकार बनने तक के संघर्ष और विकास का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाना है। साथ ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताते हुए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
दशम सत्र में पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष एवं प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी राजा वर्मा ने “देश के समक्ष चुनौतियां” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है, जिसने विश्व को ज्ञान और प्रकाश देने का कार्य किया है।
राजा वर्मा ने आतंकवाद, कट्टरवाद और देश विरोधी शक्तियों पर प्रहार करते हुए कहा कि पंजाब में आतंकवाद तथा कश्मीर में कश्मीरी हिंदुओं का पलायन कांग्रेस की नीतियों का परिणाम था। उन्होंने कहा कि विकसित भारत में मजहबी कट्टरवाद के लिए कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए जल संरक्षण, वृक्षारोपण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सौर ऊर्जा को अपनाने की आवश्यकता बताई। साथ ही कहा कि आत्मनिर्भर भारत ही देश की कई चुनौतियों का स्थायी समाधान है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
एकादश सत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने “कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा 365 दिन और 24×7 कार्य करने वाली पार्टी है, जहां एक चुनाव की जीत के साथ अगले विजय अभियान की तैयारी शुरू हो जाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अनुशासित, प्रशिक्षित और सदैव जनता के बीच रहने वाला कार्यकर्ता है, जो पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है। नकवी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और संगठन शक्ति के कारण आज देश के 22 राज्यों और लगभग 78 प्रतिशत भूभाग में भाजपा अथवा भाजपा समर्थित सरकारें कार्य कर रही हैं।
उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ कठोर और निर्णायक नीति पर कार्य कर रहा है तथा देश विरोधी ताकतों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि भारत की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, कांता कर्दम, नवाब सिंह नागर, बिमला बॉथम, ब्रजेंद्र नागर, सुषमा सिंह, कैप्टन विकास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।