1
1
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आम जनमानस को विधिक रूप से सशक्त बनाने, पात्र व्यक्तियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने तथा समाज के निर्धन एवं वंचित वर्गों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दिनांक 01 नवम्बर, 2026 को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस प्रेक्षागृह, जनपद मेरठ में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। उक्त शिविर माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय श्री अरविन्द कुमार मिश्रा-द्वितीय की अध्यक्षता में तथा प्रशासनिक अधिकारियों एवं न्यायिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा।

उक्त शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसामान्य तक इसकी जानकारी पहुँचाने के उद्देश्य से आज दिनांक 09 अक्टूबर, 2026 को सुश्री सोनिका वर्मा, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ द्वारा विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सचिव महोदया द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों को शिविर के उद्देश्यों, इसकी उपयोगिता तथा जनसामान्य को इससे होने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया। साथ ही, शिविर की जानकारी को समाचार पत्रों एवं अन्य उपलब्ध मीडिया माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित करने का अनुरोध किया गया, जिससे अधिक से अधिक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति इस शिविर का लाभ प्राप्त कर सकें।
सचिव महोदया द्वारा बताया गया कि मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का प्रमुख उद्देश्य समाज के उन वर्गों तक विधिक सहायता एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना है, जिन्हें जानकारी के अभाव अथवा अन्य कठिनाइयों के कारण अपने अधिकारों एवं योजनाओं का समुचित लाभ प्राप्त नहीं हो पाता है। शिविर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को उनके विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं, उपलब्ध सहायता एवं संबंधित विभागों की सेवाओं के संबंध में जागरूक किया जाएगा। शिविर में विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, आर्थिक रूप से कमजोर एवं निर्धन व्यक्तियों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों सहित समाज के अन्य पात्र एवं वंचित वर्गों को ध्यान में रखते हुए विधिक जागरूकता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी के प्रचार-प्रसार पर बल दिया जाएगा।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं जैसे वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना आदि को जनसामान्य में अपने समाचार पत्रों/चैनलों के माध्यम से प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी, जिससे 01 नवम्बर, 2026 को आयोजित होने वाले बृहद साक्षरता/सेवा शिविर के सफल आयोजन में सभी विभागों द्वारा अधिक से अधिक लाभार्थियों को चयनित कर लाभ प्रदान किया जा सकें।
सचिव महोदया ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे जनहित के इस महत्वपूर्ण आयोजन की जानकारी को प्रमुखता से प्रकाशित एवं प्रसारित करें, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निवास करने वाले अधिक से अधिक नागरिकों तक शिविर का संदेश पहुँच सके। विशेष रूप से ऐसे व्यक्तियों तक जानकारी पहुँचाना आवश्यक है, जो आर्थिक, सामाजिक अथवा अन्य कारणों से अपने विधिक अधिकारों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से अनभिज्ञ हैं। बैठक के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे दिनांक 01 नवम्बर, 2026 को प्रस्तावित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के संबंध में अधिकाधिक प्रचार-प्रसार कर जनसहभागिता सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें, जिससे शिविर का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुँच सके।