1
1
ग्रेटर नोएडा। बिग क्रिकेट लीग (BCL) सीजन-2 के 12वें मुकाबले में गुजरात डायमंड्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एमपी टाइगर्स को 4 विकेट से हरा दिया। शाहिद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में दर्शकों को आखिरी ओवरों तक रोमांच देखने को मिला।
इस अवसर पर शिवसेना एवं एनडीए गठबंधन के मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. अभिषेक वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर लीग की सराहना की और इसके विजन को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
टॉस जीतकर गुजरात डायमंड्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी एमपी टाइगर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 192 रन बनाए।
एमपी टाइगर्स की ओर से जेसल कारिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 36 गेंदों में 72 रन ठोक दिए। उनकी विस्फोटक पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। कारिया के इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मुकाबले में उभरती प्रतिभाओं ने भी सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। सरुल कंवर ने 17 गेंदों में 30 रन बनाकर ब्रॉन्ज बजर हासिल किया, जबकि आर्यन अंतरिक्ष ने 22 गेंदों में 32 रन की उपयोगी पारी खेलते हुए दूसरा ब्रॉन्ज बजर अपने नाम किया।
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात डायमंड्स की शुरुआत सकारात्मक रही। टीम के अमेच्योर खिलाड़ी अलास खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी दमदार पारी ने गुजरात की जीत की मजबूत नींव रखी। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें सिल्वर बजर से सम्मानित किया गया।
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर पवन नेगी ने भी 18 गेंदों में 34 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
गुजरात डायमंड्स ने 19.2 ओवर में 6 विकेट खोकर 196 रन बनाते हुए मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. अभिषेक वर्मा ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का उत्कृष्ट प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह लीग सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि युवाओं को अवसर देने और छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त माध्यम है।
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने कहा कि लीग का उद्देश्य अमेच्योर और प्रोफेशनल क्रिकेट के बीच की दूरी को कम करना है। उन्होंने कहा कि बजर प्रोग्राम के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।