1
1
भारत की पहली बुलेट ट्रेन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सोमवार को नई दिल्ली स्थित रेलवे मंत्रालय के गेट नंबर-4 पर देश की पहली प्रस्तावित बुलेट ट्रेन की तस्वीर लगाई गई, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यह हाई-स्पीड ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर दौड़ेगी और भारतीय रेलवे के आधुनिक दौर की नई पहचान बनेगी।
सामने आई तस्वीर में ट्रेन का डिजाइन बेहद आधुनिक और एयरोडायनामिक नजर आ रहा है। ट्रेन को सफेद, ग्रे और ऑरेंज कलर थीम में डिजाइन किया गया है, जो जापान की शिंकानसेन बुलेट ट्रेन से प्रेरित बताई जा रही है। रेलवे मंत्रालय के बाहर लगी इस तस्वीर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
यह देश का पहला हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट है, जो मुंबई और अहमदाबाद के बीच 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर तैयार किया जा रहा है। इस रूट पर ट्रेन करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगी। परियोजना के तहत कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जिनमें मुंबई, ठाणे, विरार, सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं।
बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद मुंबई से अहमदाबाद का सफर महज लगभग 2 घंटे में पूरा हो सकेगा। फिलहाल इस रूट पर ट्रेन से यात्रा करने में 6 से 7 घंटे तक लग जाते हैं। ऐसे में यह प्रोजेक्ट पश्चिम भारत की कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदल सकता है।
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट जापान की तकनीकी और वित्तीय सहायता से तैयार किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। कई स्टेशन का बेस निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि समुद्र के नीचे बनने वाली सुरंग का काम भी प्रगति पर है।
रेल मंत्री Ashwini Vaishnaw पहले ही संकेत दे चुके हैं कि बुलेट ट्रेन का पहला चरण 2027 तक शुरू किया जा सकता है। शुरुआती संचालन सूरत से वापी सेक्शन के बीच होने की संभावना जताई जा रही है।