1
1
1
2
3
गौतमबुद्धनगर 16 जून, 2026
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जनपद गौतमबुद्ध नगर में 15 जून से 21 जून 2026 तक योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गौतमबुद्ध नगर बन्दना रानी ने बताया कि इसी क्रम में आज तहसील दादरी परिसर तथा विभिन्न राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में योग अभ्यास सत्रों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में तहसील दादरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, आयुर्वेदिक चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, योग प्रशिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी एवं अन्य प्राणायाम तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया गया।
योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार, मानसिक तनाव में कमी, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा जीवनशैली संबंधी रोगों की रोकथाम में सहायता मिलती है। प्रतिभागियों को प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित दिनचर्या एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।