1
1
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अभिनेता से नेता बने Vijay की पार्टी TVK को अब VCK और IUML का भी समर्थन मिल गया है। इसके साथ ही TVK ने सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 विधायकों का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है।
Viduthalai Chiruthaigal Katchi (VCK) ने विजय की पार्टी को “बिना शर्त समर्थन” देने का ऐलान किया। VCK नेता वन्नी अरासु ने राज्यपाल को समर्थन पत्र भी सौंपा है। इसके बाद तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर चला राजनीतिक गतिरोध लगभग खत्म हो गया।
VCK के साथ-साथ IUML ने भी TVK को समर्थन देने का फैसला किया। कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML के समर्थन के बाद विजय के पास 120 से ज्यादा विधायकों का समर्थन पहुंच गया है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत से कुछ सीटें दूर रह गई थी। इसके बाद पिछले चार दिनों से लगातार राजनीतिक बातचीत और समर्थन जुटाने की कोशिशें चल रही थीं। पहले राज्यपाल ने विजय से 118 विधायकों का समर्थन साबित करने को कहा था।
बहुमत का आंकड़ा पार होने के बाद चेन्नई समेत कई शहरों में विजय समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर भी #ThalapathyVijay और #TVKGovt ट्रेंड करने लगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव है। दशकों तक डीएमके और एआईएडीएमके के बीच सीमित रही राजनीति में अब TVK तीसरी बड़ी ताकत बनकर उभरी है। विजय की सरकार बनने के साथ राज्य की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।