1
1
मेरठ। जनपद के परीक्षितगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यात्रा के दौरान रथ ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे रथ में करंट दौड़ गया। हादसे में 25 वर्षीय सचिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 श्रद्धालु झुलस गए। इनमें से दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रथ यात्रा पूरे धार्मिक उत्साह के साथ निकाली जा रही थी। इसी दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन बिजली लाइन से संपर्क में आ गया। देखते ही देखते रथ में करंट फैल गया और आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश सिरोही पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उनकी तत्परता और सूझबूझ से कई श्रद्धालुओं की जान बच गई। पुलिस ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात अभिजीत कुमार भी मौके पर पहुंच गए और घायलों के उपचार की व्यवस्था कराई। मृतक सचिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है|
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और श्रद्धालुओं में गहरा दुख व्याप्त है।
