1
1
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कैश वैन लूटकांड के दो मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारे गए हैं। पुलिस के मुताबिक मारे गए बदमाशों की पहचान जुबैर और समीर के रूप में हुई है। दोनों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार वेब सिटी थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों की घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
6 मई को क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कैश वैन लूट ली थी। वारदात उस समय हुई जब कैशियर और सुरक्षाकर्मी एटीएम में नकदी भरने गए थे और चालक अकेला वैन में मौजूद था। बदमाशों ने हथियार के बल पर ड्राइवर को नीचे फेंका और करीब 27 लाख रुपये से भरी कैश वैन लेकर फरार हो गए थे।
जांच में सामने आया कि बदमाशों ने वारदात से पहले करीब छह महीने तक कैश वैन की रेकी की थी। उन्होंने चार बार पूरी घटना का ट्रायल भी किया था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिनमें एक एलएलबी छात्र भी शामिल है।
पुलिस जांच के अनुसार गिरोह का मास्टरमाइंड जुबैर था, जिसने अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। बदमाशों ने वारदात के बाद कैश बॉक्स को तोड़कर रकम अलग-अलग बांटी थी।
गाजियाबाद पुलिस ने 450 से ज्यादा CCTV फुटेज और हजारों मोबाइल नंबरों की जांच के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस को बिना नंबर प्लेट वाली बलेनो कार का सुराग मिला, जिसका इस्तेमाल वारदात और फरारी में किया गया था।
गाजियाबाद पुलिस इस एनकाउंटर को बड़ी सफलता मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।