1
1
दिल्ली के नबी करीम इलाके से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शादी के महज छह दिन बाद एक महिला की हत्या कर दी गई। आरोप है कि पति ने पत्नी का कत्ल करने के बाद शव को बेड के अंदर छिपा दिया और कमरे पर ताला लगाकर फरार हो गया। कई दिनों बाद कमरे से बदबू आने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
मृतका की पहचान 28 वर्षीय निशा परवीन के रूप में हुई है, जो उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली थी। पुलिस के मुताबिक निशा की शादी 26 अप्रैल 2026 को बिहार के वैशाली निवासी मोहम्मद एजाज से हुई थी। आरोपी दिल्ली के नबी करीम इलाके में किराये के कमरे में रहता था और बैग बनाने का काम करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि शादी के तीन दिन बाद आरोपी अपनी पत्नी को हल्द्वानी से दिल्ली ले आया था। परिजनों का आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद से ही दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई थी। निशा ने अपने परिवार को मारपीट और झगड़े की जानकारी भी दी थी।
इसके बाद 2 मई को आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कमरे में रखे बेड बॉक्स के अंदर छिपा दिया गया और आरोपी ताला लगाकर फरार हो गया।
कई दिनों तक कमरा बंद रहने और तेज दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल विभाग की मदद से दरवाजा तोड़ा तो अंदर बेड के भीतर से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला गला घोंटकर हत्या का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मामले में मृतका के पिता ने पति और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या और दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर आरोपी के बड़े भाई सरफराज को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी एजाज अभी फरार है और उसकी तलाश में बिहार तक पुलिस टीम भेजी गई है।
घटना सामने आने के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। पड़ोसियों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े की आवाजें आती थीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला हत्या तक पहुंच जाएगा।