1
1
नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 1.65 लाख रुपये नकद तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त ऑटो (UP16LT8138) बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप यादव उर्फ फौजी, शिव कुमार उर्फ चंचा, वीरेश उर्फ वीरा और सूरज उर्फ बंटा के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलग-अलग जिलों के निवासी हैं और वर्तमान में सूरजपुर क्षेत्र में रह रहे थे।
ऐसे देते थे चोरी की वारदातों को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर की सोसायटियों और सेक्टरों में दिन-रात घूमकर बंद पड़े मकानों की रेकी करता था। इसके बाद घरों के ताले और ग्रिल तोड़कर अंदर घुसते और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।
गिरोह चार से पांच सदस्यों के समूह में काम करता था। इनमें से एक-दो सदस्य बाहर निगरानी करते थे, जबकि बाकी सदस्य मकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने सूरजपुर क्षेत्र में हाल ही में हुई तीन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है।
21 मई 2026 को ओमिक्रॉन-3 स्थित एक बंद मकान से सोने के सेट और करीब 3.70 लाख रुपये नकद चोरी किए थे।
24 मई 2026 को डेल्टा-1 स्थित एफ-524 मकान में चोरी कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी उड़ाई थी।
इसी दिन ई-328 डेल्टा-1 में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने इन मामलों में चोरी गए बड़ी मात्रा में आभूषण, सिक्के, चेन, अंगूठियां, कंगन, झुमके, पायल समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किया गया ऑटो नंबर UP16LT8138 भी बरामद किया है। इसके अलावा तीन आरोपियों के पास से एक-एक नाजायज चाकू भी बरामद हुआ है। गिरोह का एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी प्रदीप यादव उर्फ फौजी के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और चोरी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। सूरजपुर और सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।