1
1
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार को उस समय बड़ा बवाल खड़ा हो गया जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में कथित रूप से हमला कर दिया गया। अभिषेक बनर्जी वहां चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे थे, तभी स्थानीय लोगों के एक समूह ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और विरोध प्रदर्शन किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान अभिषेक बनर्जी के काफिले पर अंडे और पत्थर फेंके गए। घटना के दौरान धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति भी बनी। बताया जा रहा है कि सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला।
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि उन पर जानलेवा हमला किया गया और हमलावर उन्हें नुकसान पहुंचाना चाहते थे। उन्होंने दावा किया कि घटना के दौरान उन्हें चोट भी लगी। TMC ने इस पूरे मामले के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है।
दरअसल, अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद कथित हिंसा में मारे गए और प्रभावित हुए पार्टी कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिलने के लिए राज्यव्यापी दौरे की शुरुआत कर रहे थे। इसी क्रम में वह सोनारपुर पहुंचे थे।
घटना के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए हमले की निंदा की। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई विपक्षी नेताओं ने राजनीतिक हिंसा को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पश्चिम बंगाल की राजनीति में इसे लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।